वाराणसी। पहाड़िया मंडी स्थित विशाल मेगा मार्ट के पास ₹10 हजार के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। पहले दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, इसके बाद एक युवक ने कथित तौर पर अपनी कार से जानबूझकर लोगों को कई बार टक्कर मार दी। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे विशाल सिंह पुत्र राधेश्याम सिंह और गोलू चौधरी निवासी चंदौली के बीच ₹10 हजार के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि गोलू चौधरी, अनीश गौतम और उनके साथियों ने विशाल सिंह के छोटे भाई विवेक सिंह की पिटाई कर दी।
मारपीट के बाद विशाल सिंह ने कथित तौर पर अपनी शेवरले क्रूज कार (GJ 06 FQ 0808) से परशुरामपुर निवासी विशाल पटेल को कई बार टक्कर मारी। इस दौरान दिलीप सोनकर और अधिवक्ता हरिवंश मिश्रा भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए।
घायलों को तत्काल दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विशाल पटेल को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज और घायल दिलीप सोनकर की तहरीर के आधार पर स्थानीय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 171/26 के तहत बीएनएस की धारा 281 एवं 109(1) में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त शेवरले क्रूज कार को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक विशाल सिंह को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में साक्ष्य संकलन कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
