मण्डुवाडीह स्टेशन के पास मिला अज्ञात शव के 5 दिन बाद मुस्लिम होने की हुई पहचान; पुलिस ने इस्लामी रीति-रिवाज से कराया अंतिम संस्कार

वाराणसी। मण्डुवाडीह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के सामने सड़क किनारे 22 सितंबर को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान न होने पर पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के मुस्लिम समुदाय से होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने मौलवी से संपर्क कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को जीआरपी से सूचना मिली थी कि मण्डुवाडीह स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के सामने सड़क पर हनुमान मंदिर के बाईं ओर करीब 30 मीटर की दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार पुलिस टीम और फैंटम-47 के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए मर्चरी हाउस, चीरघर शिवपुर भेज दिया गया।

अज्ञात शव की निर्धारित 72 घंटे की समय सीमा पूरी होने के बाद 26 सितंबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मुस्लिम समुदाय से होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मण्डुवाडीह क्षेत्र के मौलवी से संपर्क कर शव के अंतिम संस्कार से संबंधित विधिक प्रक्रिया और धार्मिक रीति-रिवाजों की जानकारी ली।

रविवार 27 सितंबर को पुलिस बल की मौजूदगी में अज्ञात मुस्लिम शव का इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया।

TOP

You cannot copy content of this page