तेज बारिश में बनारस स्टेशन का प्लेटफॉर्म-8 बना ‘झरना’, पंखे और शेड से गिरने लगा पानी; रेलवे ने तुरंत संभाली व्यवस्था

वाराणसी। शनिवार को हुई तेज बारिश के दौरान बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब शेड और पंखे के आसपास से बारिश का पानी तेज धार में प्लेटफॉर्म पर गिरने लगा। पानी गिरने का नजारा कुछ देर के लिए ऐसा दिखाई दिया, मानो स्टेशन पर ही ‘झरना’ बह रहा हो। इसका वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे।

मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम सक्रिय हुई। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, लगातार तेज बारिश के दौरान रेन वाटर पाइप में मांझा, पेड़ों की पत्तियां और प्लास्टिक की बोतल फंस जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई थी। इसी वजह से बारिश का पानी प्लेटफॉर्म की ओर गिरने लगा।

रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर रेन वाटर पाइप की सफाई कराई, जिसके बाद पानी की निकासी सामान्य हो गई और स्थिति नियंत्रित हो गई।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह स्थिति तेज बारिश के दौरान अस्थायी रूप से बनी थी और अब समस्या पूरी तरह ठीक है। अत्यधिक बारिश की स्थिति में दोबारा ऐसी समस्या न हो, इसके लिए ऑन-ड्यूटी स्टाफ को स्टेशन पर अलर्ट रखा गया है।बताते चलें कि इससे पहले भी बारिश में ऐसा हुआ है।

TOP

You cannot copy content of this page