
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर बेलवा गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 21 वर्षीय युवक का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रविन्द्र गौड़ के बड़े बेटे राजू गौड़ के रूप में हुई है। राजू मजदूरी के साथ निजी नौकरी भी करता था। परिवार में उसके दो भाई और एक बहन हैं। बहन की शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि राजू ने पिछले वर्ष जौनपुर के मछलीशहर में प्रेम विवाह किया था। कुछ समय पहले किसी बात को लेकर पत्नी से नाराजगी हो गई थी, जिसके बाद वह मायके चली गई थी। परिजनों के अनुसार, राजू कुछ दिन पहले ही पत्नी को मनाकर घर वापस लाया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद राजू अपने कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह जब कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला तो घर में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना पर पहले पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फूलपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
