CCTV में कैद हुई चोरी की पूरी कहानी, बंद मकान का ताला तोड़ लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के लठियां सदलपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को चोरों तक पहुंचने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

पीड़ित विकास कुमार गौड़ के मुताबिक, तीन जुलाई की रात वह परिवार के साथ दूसरे मकान पर गए थे। इसी दौरान सुनसान मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर में रखे शादी के लिए जुटाए गए कीमती गहनों के साथ नकदी भी पार कर दी।

पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में तीन सोने की बालियां, दो अंगूठियां, नथिया, चांदी की पायल, चांदी के सिक्के और 30 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। इसके बाद अखरी चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

अखरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page