मौत को दावत देता ओवरफ्लो! शिवपुर के ऐतिहासिक पोखरे की फिसलन भरी सीढ़ियां बनीं हादसे का कारण

वाराणसी। शिवपुर थाना परिसर से सटे ऐतिहासिक पोखरे पर नगर निगम की पानी की टंकी से लगातार हो रहे ओवरफ्लो ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। टंकी से बहता पानी सीधे पोखरे के घाट और सीढ़ियों तक पहुंच रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र बेहद फिसलन भरा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी काशी वार्ता में समाचार प्रकाशित किया जा चुका है, लेकिन नगर निगम ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे हुए हैं। बरसात के मौसम में लगातार बह रहे पानी से खतरा और बढ़ गया है।

पोखरे के पास स्थित मां अष्टभुजी मंदिर और रामलीला मैदान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे और स्थानीय लोग आते-जाते हैं। ऐसे में सीढ़ियों पर जमी फिसलन किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से तत्काल ओवरफ्लो रोकने, घाट की सफाई कराने और सीढ़ियों को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि लापरवाही के चलते कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

TOP

You cannot copy content of this page