₹50 हजार का इनामी दोहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के ₹50 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9/10 जुलाई 2026 की रात ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति के विवाद में संतोष यादव (33), निवासी ताराखुर्द थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हो गया था। इस मामले में थाना पवई में मुकदमा दर्ज किया गया था और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था।

सोमवार को थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में थे। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हेवती की ओर मोटरसाइकिल से आने वाला है। पुलिस ने रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख उसने अवैध तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पैतृक जमीन के बंटवारे और आर्थिक विवाद के चलते दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और ₹600 नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर फायरिंग तथा आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page