मुर्गी फार्म में मजदूर की संदिग्ध मौत पर बवाल, शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया चार घंटे चक्का जाम

रोहनिया विधायक और एसीपी की समझाइश बेअसर, 25 लाख मुआवजा व हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े परिजन

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के राजापुर स्थित एक मुर्गी फार्म में संदिग्ध परिस्थितियों में गोविंदपुर निवासी मजदूर प्रेम कुमार वर्मा की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने भवानीपुर चट्टी पर शव रखकर मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग जाम कर दिया। मृतक की पत्नी संगीता और बच्चों के साथ ग्रामीण हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

सूचना पर एसीपी राजातालाब वीर सिंह, थाना प्रभारी दयाराम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। शाम करीब 7 बजे शुरू हुआ चक्का जाम समाचार लिखे जाने तक रात लगभग 11 बजे भी जारी रहा, जिससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

इस दौरान रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अधिकारियों से वार्ता कर मुख्यमंत्री दुर्घटना राहत कृषि बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की सहायता दिलाने तथा मुर्गी फार्म संचालक शिव शंकर मौर्य और बिजली विभाग से अतिरिक्त आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद परिजन 25 लाख रुपये मुआवजा और मुर्गी फार्म संचालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर डटे रहे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

TOP

You cannot copy content of this page