
वाराणसी में श्रावण मास के पहले सोमवार से पहले जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर गश्त कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कहा कि शिव भक्तों को सुरक्षित एवं सुगमता से दर्शन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस बार सावन के दौरान अत्याधुनिक हाईटेक कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है, जहां से सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीक के जरिए प्रमुख मंदिरों, घाटों, कांवड़ मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वाराणसी पुलिस की विशेष टीमें कांवड़ियों के भेष में भी तैनात रहेंगी। ये पुलिसकर्मी भीड़ में रहकर अराजक तत्वों, जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग, यातायात नियमों के पालन और अफवाहों से बचने की अपील की है।
