फ्लाईदुबई फ्लाइट में घायल कैप्टन स्मित से PM मोदी ने की बात, बोले- आपने सबकी जान बचाई

फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में को-पायलट के हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनके साहस, धैर्य और मुश्किल हालात में दिखाई गई बहादुरी की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है और भारत उनके लौटने का इंतजार कर रहा है।

बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्हें कई चोटें आई थीं, लेकिन उन्होंने खुद से कहा कि उन्हें उठकर कुछ करना होगा। इसी हौसले के साथ उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की।

कैप्टन स्मित ने बताया कि मुश्किल समय में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि वह उनके सबसे बड़े आदर्श हैं और इस मुश्किल घड़ी में पीएम मोदी की फोन कॉल से उनका हौसला बढ़ा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आपने दुनिया को दिखाया है कि अहिंसा क्या होती है। आपने बहुत बड़ा काम किया और सबकी जान बचाई।

पीएम मोदी ने कैप्टन की देखभाल के लिए सऊदी अरब और यूएई की सरकारों का भी आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वह हमेशा उनके लिए एक फोन कॉल की दूरी पर रहेंगे।

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और कैप्टन स्मित ने गुजराती भाषा में भी संवाद किया। पीएम मोदी ने उनके परिवार और साहस की भी सराहना की।

TOP

You cannot copy content of this page