एक महीने से जलभराव की चपेट में शिवधाम नगर कॉलोनी, जिम्मेदार बेखबर

दर्जनों परिवार प्रभावित, जलनिकासी नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अमरा चक स्थित शिवधाम नगर कॉलोनी में करीब एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कॉलोनी की मुख्य सड़क सहित आसपास के आवासीय इलाकों में पानी जमा होने से दर्जनों परिवार प्रभावित हैं। सड़क पर पानी भरा होने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और उन्हें जरूरी काम के लिए भी जलभराव के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

लंबे समय से पानी जमा होने के कारण गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। वहीं, मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थायी जलनिकासी की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। कॉलोनीवासियों ने तत्काल पंप लगाकर पानी निकलवाने, मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने और मौके का निरीक्षण करने की मांग की है।

लोगों ने जिलाधिकारी, नगर निगम और संबंधित विभागों से मुख्य सड़क सहित कॉलोनी में स्थायी नाली का निर्माण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की अपील की है, ताकि हर बारिश में उन्हें जलभराव की समस्या से जूझना न पड़े।

TOP

You cannot copy content of this page