ऑपरेशन “म्यूल स्ट्राइक” : 6 म्यूल अकाउंट धारकों पर कार्रवाई, 2.42 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के साइबर क्राइम सेल और संबंधित थानों की संयुक्त कार्रवाई में “ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक” के तहत 6 म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। मामले का खुलासा एसीपी साइबर क्राइम/सारनाथ विदुष सक्सेना ने किया। पुलिस के अनुसार, भेलूपुर, सिगरा, चेतगंज और चोलापुर थाना क्षेत्रों में दर्ज 4 अभियोगों में कुल 6 आरोपियों को चिन्हित किया गया। इन खातों के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर 51 शिकायतें दर्ज थीं तथा इनके माध्यम से 2 करोड़ 42 लाख 89 हजार 752 रुपये की साइबर ठगी की धनराशि का लेन-देन पाया गया।
4 थानों में 4 मुकदमे दर्ज।
6 म्यूल अकाउंट धारकों पर कार्रवाई।
51 साइबर फ्रॉड शिकायतें जुड़ी मिलीं।
2.42 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की रकम का ट्रांजैक्शन।
32 अन्य खातों की जांच अभी जारी।
म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता होता है जिसका उपयोग साइबर अपराधी ठगी की रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजने, छिपाने या निकालने के लिए करते हैं। कई बार खाता धारक लालच, कमीशन या नौकरी के झांसे में आकर अपने खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते हैं।
एसीपी विदुष सक्सेना ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक, पासबुक, यूपीआई या इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी न दें तथा संदिग्ध लेन-देन से बचें। साइबर अपराध की शिकायत तत्काल 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर करें।

TOP

You cannot copy content of this page