
वाराणसी। सावन के पवित्र महीने में धार्मिक भावनाओं और जनआस्था को ध्यान में रखते हुए वाराणसी नगर निगम ने मीट-मछली की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। प्रतिबंध के बावजूद बिक्री करने वालों पर निगम की टीम ने बुधवार को कई इलाकों में औचक छापेमारी की और कार्रवाई की।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु विभाग और प्रवर्तन टीम ने रेवड़ी तालाब, शिवाला स्थित मछली मंडी, चौकाघाट, नदेसर, आंध्रा पुल, पितरकुंडा और लल्लापुरा समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर मीट-मछली बेच रहे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम ने मौके से 2 किलो 450 ग्राम मांस भी जब्त किया।
नगर निगम की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सावन के दौरान दोबारा मीट-मछली की बिक्री करते पकड़े जाने पर संबंधित दुकान को तत्काल सील कर दिया जाएगा।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि अभियान यहीं नहीं रुकेगा। शहर के अलग-अलग वार्डों और प्रमुख बाजारों में आने वाले दिनों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा।
