वाराणसी। खराब मौसम और गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के चलते सुरक्षा कारणों से पिछले दिनों रोका गया नावों का संचालन अब दोबारा शुरू कर दिया गया है। मौसम और जलस्तर में सुधार के बाद बुधवार से गंगा में नाव चलाने की अनुमति दी गई।
जल पुलिस के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाव संचालन रोकने से पहले एनडीआरएफ और संबंधित उच्चाधिकारियों से आवश्यक विचार-विमर्श किया गया था। अब परिस्थितियां सामान्य होने के बाद नाव संचालन पुनः बहाल कर दिया गया है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदाकांत गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे वाराणसी में गंगा का जलस्तर 63.61 मीटर दर्ज किया गया। वहीं 11 अगस्त को सुबह 8 बजे जलस्तर 63.71 मीटर था।
वाराणसी में गंगा का चेतावनी जलस्तर 70.26 मीटर, खतरे का जलस्तर 71.26 मीटर और उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 73.90 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी स्तर से करीब 6.65 मीटर नीचे है। प्रशासन के मुताबिक गंगा का जलस्तर सामान्य स्थिति में है और फिलहाल बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है।
नाव संचालन शुरू होने से गंगा में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को राहत मिली है। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए नाविकों और यात्रियों से आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
