
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का जोश बरेका परिसर में देखते ही बना। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार, 12 अगस्त को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के इंटर कॉलेज में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे करीब 800 विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी ने किया। प्रातःकालीन सभा के दौरान शुरू हुई इस यात्रा में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
करीब 400 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर का चक्रमण करते हुए पुनः प्रार्थना स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘सरदार भगत सिंह अमर रहें’ और ‘मैडम भीखाजी कामा अमर रहें’ जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा यात्रा का संचालन शारीरिक शिक्षा अध्यापक चंद्र मोहन यादव ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना साफ दिखाई दी। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
