मामूली विवाद बना जानलेवा: फूलपुर में मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद उपजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 26 तारीख को ग्राम घमहापुर के पास हुई, जब टाटा अल्ट्रोज कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बर्तन धो रही बिंदू देवी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद महिला के परिजन आक्रोशित हो उठे और कार चालक मनीष सिंह के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन उसे उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर 8 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

फूलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मनोज प्रजापति, हरिश्चंद्र राजभर, योगेंद्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी घमहापुर गांव के निवासी हैं।

पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

TOP

You cannot copy content of this page