
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव स्थित गेल सीएनजी पम्प से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक यार्ड में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना पर फूलपुर पुलिस के साथ दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। चूंकि आग गेल सीएनजी पम्प के बेहद करीब लगी थी, इसलिए किसी संभावित बड़े हादसे को टालने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
सुरक्षा के मद्देनजर वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत अपनी टीम के साथ लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का अभियान जारी था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
