वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात लगभग 12:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार तरना ओवरब्रिज पर तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान उसने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पती रही।
हादसे की सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए रोहित हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। वाहनों के कागजातों तथा स्थानीय लोगों की मदद से मृतक के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
