
वाराणसी (काशीवार्ता): श्रावण मास में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। प्रयागराज से मोहनसराय तक हाईवे की एक लेन विशेष रूप से कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी, जिससे उनकी यात्रा निर्बाध और सुरक्षित हो सके।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पैदल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। पूरे शहर को पांच जोन और 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 5 आईपीएस अधिकारियों समेत लगभग 5 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कांवड़ मार्ग पर हर चार किलोमीटर पर पीआरवी या फैंटम टीम, अस्थायी पुलिस बूथ, विश्राम स्थल और चिकित्सा सहायता केंद्र उपलब्ध रहेंगे।
गंगा घाटों पर जल पुलिस, पीएसी, बाढ़ राहत दल और प्रशिक्षित गोताखोर तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए डीप वाटर बैरिकेडिंग की गई है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों की निगरानी सीसीटीवी व त्रिनेत्र प्रणाली से कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार होगी। खोया-पाया केंद्र, बैरिकेडिंग और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
