जून में पहली बार 43.6°C पहुंचा पारा, प्रदेश में सबसे गर्म रहा वाराणसी; अगले पांच दिन लू का असर

वाराणसी (काशीवार्ता)। जिले में भीषण गर्मी और तेज धूप का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जून माह का अब तक का सर्वाधिक तापमान होने के साथ-साथ प्रदेश में भी सबसे अधिक रहा। यह तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिनभर चल रही गर्म हवाओं और तीखी धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हवा की औसत गति 22 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि वातावरण में नमी का स्तर 32 से 57 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। हालांकि शाम के समय बादल छाने और तेज हवाएं चलने से लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून को वाराणसी पहुंचने में अभी लगभग 15 दिन का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि 9 और 10 जून को लू चलने की संभावना है। वहीं 12 जून को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। इसके अलावा 13 जून के लिए बादल, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र तक पहुंच सकता है, जिसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। अगले एक से दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

TOP

You cannot copy content of this page