
वाराणसी। देश के सबसे बड़े और भव्य एयर शो की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित इस एयर शो को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
करीब 90 मिनट चलने वाले एयर शो में सेना के विभिन्न विमान और एयरक्राफ्ट रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। गंगा के दोनों किनारों से इस भव्य नजारे को देखने के लिए करीब 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने प्रवेश-निकास गेट, होल्डिंग एरिया, बैरिकेडिंग और क्यू मैनेजमेंट की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिए।
गंगा के दोनों किनारों पर चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। बेतरतीब पार्किंग रोकने के साथ पैदल मार्ग, वैकल्पिक रास्ते और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था पहले से तैयार रखने को कहा गया है।
पूरे आयोजन की CCTV कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी एग्जिट, आपातकालीन मार्ग और क्विक रिस्पॉन्स टीम को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और एयर शो से पहले मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं की कमियां दूर करने को कहा। इस दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार, एडीसीपी काशी वैभव बांगर, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
