चित्रकूट कुंड से हटेगा अतिक्रमण, दुरुस्त होगी बाउंड्री वॉल, पाथवे पर लगेंगी लाइटें

वाराणसी। नगर निगम प्रशासन ने धूपचंडी वार्ड स्थित चित्रकूट कुंड के सुंदरीकरण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की कवायद शुरू कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, सीवर, सड़क, इंटरलॉकिंग और मार्ग प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चित्रकूट कुंड के आसपास मिले अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत सुबह करीब 7:30 बजे राम कटोरा चौराहा स्थित अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के पास से हुई। नगर आयुक्त ने चित्रकूट कुंड परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान कुंड की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त मिली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाउंड्री वॉल की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

कुंड के चारों ओर बने पाथवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने पर नगर आयुक्त ने नई लाइटें लगाने के निर्देश दिए। वहीं, क्षतिग्रस्त और घिस चुकी इंटरलॉकिंग को हटाकर नई इंटरलॉकिंग कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

स्थानीय लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चित्रकूट कुंड परिसर में ओपन जिम स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके अलावा लेबर कॉलोनी में सफाई चौकी के लिए नया सामग्री स्टोर रूम बनाने को उपयुक्त स्थान चिन्हित कर जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राय, सहायक अभियंता सिद्धार्थ गौतम, अवर अभियंता सुखपाल सिंह, जलकल के सहायक अभियंता राघवेंद्र कुमार, अवर अभियंता गौरव मिश्रा और सफाई निरीक्षक संजय चंद्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page