सड़क पर उतरे सीपी बौलिया में डिवाइडर देख भड़के, बोले- जगह कम रही तो रोज होंगे हादसे

वाराणसी-(काशीवार्ता)- शहर की चरमराती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल बुधवार को खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर यातायात संचालन और पुलिस प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने जाम की स्थिति, अतिक्रमण, अनियमित पार्किंग और नो-पार्किंग की समस्या का जायजा लिया। पुलिस कमिश्नर ने यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि सभी निर्धारित प्वाइंटों पर पूरी सतर्कता से ड्यूटी करें। ट्रैफिक प्रेशर को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण को लेकर स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर लगातार कार्रवाई की जाए। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, गलत दिशा में वाहन चलाने और रेड लाइट उल्लंघन करने वालों पर बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई की जाए। औचक निरीक्षण के दौरान जब पुलिस कमिश्नर मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बौलिया त्रिमुहानी पहुंचे, तो वहां चल रहे नए डिवाइडर के निर्माण को देखकर वे नाराज हो गए। उन्होंने बौलिया त्रिमुहानी से लेकर चांदपुर चौराहे तक जीटी रोड का विशेष तौर पर निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अफसर को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि बौलिया त्रिमुहानी वाराणसी कैंट से फुलवरिया की तरफ जाने का मुख्य मार्ग है। यहां से बड़ी बसें और भारी वाहन गुजरते हैं। यदि तिराहे पर घुमाव के लिए पर्याप्त जगह नहीं छोड़ी गई, तो यहां प्रतिदिन दुर्घटनाएं होंगी। उन्होंने तिराहे को चौड़ा रखने की सख्त हिदायत दी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर बौलिया से महेशपुर होते हुए चांदपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पाया कि बौलिया से चांदपुर के बीच लगभग दो किलोमीटर की दूरी तक एक भी सुरक्षित यू-टर्न कट या फुट ओवरब्रिज नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों को सड़क पार करने में भारी परेशानी और जान का खतरा बना रहता है। उन्होंने विभाग को जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए।

TOP

You cannot copy content of this page