ठेकेदार ने लगाई फांसी: क्वार्टर में पंखे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर में गुरुवार सुबह एक ठेकेदार का शव कमरे में सीलिंग पंखे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अनपरा ताप परियोजना के प्रथम टाइप क्वार्टर संख्या-607 में रहने वाले पीयूष सिंह (38) ने कथित तौर पर सीलिंग पंखे से पर्दे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पीयूष सिंह स्थानीय क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करते थे। वह मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के मुड़ियार गांव के निवासी थे और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अनपरा में रहते थे।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। देर रात उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सोने चली गईं। गुरुवार सुबह जब वह वापस कमरे में पहुंचीं तो पीयूष सिंह का शव पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही उन्होंने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा

TOP

You cannot copy content of this page