
वाराणसी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समीर गुप्ता (21 वर्ष) पुत्र राजू गुप्ता, निवासी कोटवा सराय मोहना, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। उसे कैंट ओवरब्रिज के पिलर नंबर 37 के पास रोडवेज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0322/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक स्कूटी तथा एक मोबाइल फोन शामिल है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र की टीम ने की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विकास सिंह, प्रशांत कुमार बंधु सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
