राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने किया नमन, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

वाराणसी। नरिया स्थित चौधरी लॉन में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती भव्य रूप से मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के शिल्पकार और युवा शक्ति के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने शिक्षा, तकनीक, पंचायत सशक्तिकरण, शांति और सद्भाव के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की। राजीव गांधी ने 21वीं सदी के भारत की मजबूत नींव रखने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज जिस युवा और तकनीकी भारत को हम देख रहे हैं, उसमें राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें भारत में कंप्यूटर और सूचना तकनीक के विस्तार की दिशा में अग्रणी कदम उठाने के लिए भी याद किया जाता है। साथ ही ग्रामीण विकास और रोजगार के क्षेत्र में भी उनके कार्यों को वक्ताओं ने रेखांकित किया।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. राजीव गांधी एकता के साथ प्रगति के अग्रदूत थे। उन्होंने देश की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने और आधुनिक तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में संजीव सिंह, ओमप्रकाश ओझा, वीरेंद्र कपूर, अनुराधा यादव, डॉ. उमेश चंद, शशि भूषण सिंह, अरुण सोनी, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, देवेंद्र सिंह, तेजबहादुर, दीप विश्वकर्मा, मंगल कश्यप, गोपाल चौबे और शमशाद खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेकर किया गया।

TOP

You cannot copy content of this page