लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई प्रदेश कैबिनेट की बैठक में युवाओं, महिलाओं, उद्योग और कनेक्टिविटी से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा, एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न का भत्ता बढ़ाने, 25 लाख टैबलेट खरीदने और गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तार देने सहित कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई।
60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त यात्रा
कैबिनेट ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सामान्य बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। इस योजना से प्रतिदिन करीब 88,438 महिला यात्रियों को लाभ मिलने का अनुमान है। पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। योजना से सरकार पर हर महीने करीब 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा।
मेडिकल इंटर्न का भत्ता 12 हजार से बढ़कर 25 हजार
राजकीय मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों से एमबीबीएस व बीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर रोटेटिंग इंटर्नशिप करने वाले छात्रों के लिए भी कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। इंटर्नशिप भत्ता 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इससे सरकारी चिकित्सा संस्थानों में प्रशिक्षण ले रहे युवा डॉक्टरों को आर्थिक राहत मिलेगी।
युवाओं के लिए खरीदे जाएंगे 25 लाख टैबलेट
‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना’ के तहत प्रदेश के पात्र युवाओं के लिए 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इन्हें पात्र विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास और आईटीआई से जुड़े युवाओं को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
गंगा एक्सप्रेसवे अब पहुंचेगा हरिद्वार
कैबिनेट ने गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तारित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। करीब 10,761 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तार दिया जा सकेगा। इसके विस्तार से बिजनौर से हरिद्वार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और प्रयागराज तथा हरिद्वार जैसे दोनों प्रमुख कुंभ नगरों के बीच तेज आवागमन का रास्ता तैयार होगा।
यूपी में 2,606 करोड़ का नया औद्योगिक निवेश
कैबिनेट ने तीन प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं को लेटर ऑफ कम्फर्ट देने की मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में कुल 2,606.04 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
उन्नाव में कैनपैक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड 1,573.62 करोड़ रुपये से एल्युमिनियम बेवरेज कैन निर्माण इकाई स्थापित करेगी। यह परियोजना करीब 26 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है और इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 130 करोड़ यूनिट होगी।
बिजनौर में एग्रिस्टो मासा प्राइवेट लिमिटेड 794.27 करोड़ रुपये के निवेश से फ्रेंच फ्राइज उत्पादन इकाई स्थापित करेगी। इसकी अधिकतम प्रस्तावित क्षमता 75,000 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष होगी।
वहीं कानपुर देहात में सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड 238.15 करोड़ रुपये के निवेश से वैल्यू एडेड प्लास्टिक बिल्डिंग सॉल्यूशन उत्पादों का निर्माण करेगी।
सरकार का दावा है कि इन फैसलों से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों, निवेश, डिजिटल शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
