छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य: सीएम योगी

कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले मुख्यमंत्री, पारदर्शी भर्ती से युवाओं को मिल रहा सम्मान

लखनऊ, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मिशन रोजगार के तहत कृषि विभाग में चयनित 3446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर 24 नवचयनित अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 19 प्राविधिक सहायक और पांच मंडी सचिव शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी और बिना भेदभाव सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी एक लाख सरकारी नौकरियां मिलना कल्पना जैसा था, लेकिन अब सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए विभिन्न भर्तियों के परिणाम की प्रक्रिया जारी है।

योगी आदित्यनाथ ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें पारदर्शी व्यवस्था के तहत नियुक्ति दी है, इसलिए वे भी ईमानदारी और पूरी निष्ठा से प्रदेश, देश और आने वाली पीढ़ी के हित में काम करें। उन्होंने कहा कि कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन ही ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना है।

छह महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने भर्ती आयोगों और बोर्डों को निर्देश दिया कि अधियाचन मिलने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर विज्ञापन और अगले दो महीने में परीक्षा कराने की दिशा में काम किया जाए। परिणाम छह महीने के भीतर जारी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने आयोगों और बोर्डों को स्वतंत्रता दी है, इसलिए समयबद्ध परिणाम देना उनकी जिम्मेदारी है।

सीएम ने कहा कि पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया से योग्य अभ्यर्थियों का चयन हो रहा है और आरक्षण नियमों का पालन करते हुए मेरिट के आधार पर नियुक्तियां की जा रही हैं। योग्य युवाओं की ऊर्जा का लाभ पूरे प्रदेश को मिल रहा है।

पिछली सरकारों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय विज्ञापन जारी होने के बाद भी नियुक्तियां समय पर नहीं हो पाती थीं। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का समय और उम्र दोनों बर्बाद होते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने नकल माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की और उनकी संपत्तियों को जब्त कर वसूली की गई।

उन्होंने यूपी बोर्ड की परीक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले परीक्षाएं कई महीनों तक चलती थीं और परिणाम आने में भी लंबा समय लगता था। आज 56 लाख अभ्यर्थियों की बोर्ड परीक्षा 14 दिन में पूरी होती है और अगले 14 दिनों में परिणाम जारी करने की व्यवस्था बनाई गई है।

दुनिया में बढ़ी यूपी के युवाओं की मांग

सीएम योगी ने कहा कि आज जापान, जर्मनी और इजराइल समेत कई देश उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने जापान के 240 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के प्रतिनिधि यूपी के युवाओं को जापान में रोजगार देने के इच्छुक हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इजराइल में भी उत्तर प्रदेश के करीब पांच हजार युवा काम कर रहे हैं और उन्हें बेहतर आय मिल रही है।

किसानों के हित में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि 16 लाख से अधिक निजी नलकूपों के करीब 3,000 करोड़ रुपये के बिजली बिल का भुगतान सरकार कर रही है। किसानों को एमएसपी का लाभ मिल रहा है और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

उन्होंने बाणसागर परियोजना, अर्जुन सहायक परियोजना और सरयू राष्ट्रीय नहर परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे लाखों हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कृषि विकास दर को आगे बढ़ाकर 30 प्रतिशत तक पहुंचाने की क्षमता उत्तर प्रदेश में है। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक तकनीक और बेहतर सिंचाई व्यवस्था जरूरी है।

मंडी सचिवों को किसानों की सुविधाएं बढ़ाने की नसीहत

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मंडी सचिवों से कहा कि वे मंडियों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाएं। किसानों को सम्मान और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। मंडी की सड़कों, शेड और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाए। उन्होंने मंडियों को ई-नाम से जोड़ने, किसानों को वैल्यू एडिशन, ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर और आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया।

योगी ने कहा कि मंडी सचिवों के अच्छे कार्यों से किसानों के मन में सरकार के प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ेगा।

24 नवचयनित अभ्यर्थियों को मंच से मिला नियुक्ति पत्र

मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री ने 24 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। इनमें प्राविधिक सहायक पद पर कनिष्का वर्मा, रविप्रकाश सिंह, अनीश निषाद, लवकुश यादव, दिशा सिंह, भावना श्रीवास्तव, अमित कुमार मौर्य, जूही वर्मा, अविनाश सिंह, मो. अफरोज, ज्ञानवी तिवारी, प्रगति सिंह, प्रज्ञा रस्तोगी, पवनेश कुमार, शुभम कुमार, उपासना, मधुमिता सिंह, अक्षिता सिंह और ज्योतिका मिश्रा शामिल हैं।

इनकी तैनाती अयोध्या, आजमगढ़, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, गोंडा, फतेहपुर, जालौन, मीरजापुर, मथुरा, कौशांबी, गोरखपुर और लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों में की गई है।

वहीं मंडी सचिव पद पर शिवशंकर चौधरी, विनोद कुमार, महिमा मौर्या, खुशनुमा और रवि माहौर को नियुक्ति पत्र मिला।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, कृषि निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page