यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई: AQIS से जुड़े 19 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस ने आतंकी संगठन अल-कायदा इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में आजमगढ़ निवासी 19 वर्षीय युवक मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश को गिरफ्तार किया है। नबील ग्राम चितारा, महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ का निवासी बताया गया है।

ATS के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए युवाओं को कथित तौर पर आतंकी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। उसने “ला गालिब-इल्लल्लाह” नाम से एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया था। जांच में इस ग्रुप के जरिए युवाओं को कथित तौर पर जिहादी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने की जानकारी सामने आई है।

ATS का दावा है कि ग्रुप में जिहाद, चाकू, केमिकल, प्लान और प्रोजेक्ट जैसे कोड शब्दों का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपी ने “जिहाद करने के 44 तरीके” और “तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल” जैसी सामग्री भी साझा की थी।

जांच एजेंसी के अनुसार, नबील कई संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुपों से जुड़ा था, जिनमें विदेशों के लोग भी शामिल थे। आरोपी पर पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में प्रशिक्षण लेने की योजना बनाने का भी आरोप है।

ATS ने आरोपी के खिलाफ लखनऊ में मुकदमा दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page