
वाराणसी। कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसीपी रोहनियां अवधेश विश्वकर्मा ने मंगलवार को अपने सर्किल के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
गश्त के दौरान शराब की दुकानों के आसपास खुले में शराब पी रहे लोगों को मौके से खदेड़ दिया गया। एसीपी ने शराब विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि दुकान के आसपास किसी भी व्यक्ति को मदिरापान न करने दें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एसीपी ने सर्राफा बाजार पहुंचकर ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और व्यापारियों को कैमरे हमेशा चालू रखने तथा उनका नियमित मेंटेनेंस कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की जांच में सीसीटीवी फुटेज अहम भूमिका निभाती है, इसलिए सुरक्षा उपकरणों को हर समय दुरुस्त रखना जरूरी है।
एसीपी ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। गश्त के दौरान पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहा।
