वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत आशापुर चौकी के पास से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भदोही निवासी दिलीप कुमार गौतम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 506, 406, 468, 467, 420 और 421 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार गाजीपुर निवासी योगेश चंद्र, जो वर्तमान में अशोक विहार फेस-2 पहाड़ियां में रहते हैं, से आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 6 लाख 50 हजार रुपये ले लिए थे। इसके बाद आरोपी ने उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। जब पीड़ित को ठगी का पता चला और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी द्वारा धमकी दी जाने लगी।
पीड़ित की शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी, आशापुर चौकी इंचार्ज मीनू सिंह, दिवान विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
