वाराणसी -(काशीवार्ता)-शिवपुर थाना पुलिस ने वैवाहिक धोखाधड़ी और दहेज प्रताड़ना के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त चन्दन कुमार सिंह को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियुक्त पर आरोप है कि उसने अपनी पहली शादी और बच्चों की बात छिपाकर पीड़िता के साथ दूसरी शादी की और बाद में दहेज के लिए उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, मुखबिर की सूचना सुबह करीब शिवपुर रेलवे स्टेशन से यह गिरफ्तारी की गई। मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने 10 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति चन्दन कुमार सिंह, सास और ससुर द्वारा उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ कि अभियुक्त चन्दन कुमार सिंह उर्फ बिट्टू पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं, लेकिन उसने यह तथ्य छिपाकर पीड़िता से शादी की। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शिवपुर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
