
वाराणसी (काशीवार्ता)। सिगरा के विद्यापीठ रोड निवासी शुभा वर्मा ने अपने आवासीय परिसर के ड्राइववे/पार्किंग क्षेत्र में खतरनाक औद्योगिक केमिकल एवं अन्य सामान के कथित असुरक्षित भंडारण को लेकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि उनके पुत्र अंशुमान वर्मा द्वारा दो बड़े ड्रमों में औद्योगिक केमिकल ऐसे अर्ध-बंद आवासीय स्थान पर रखा गया, जो स्टोरेज एरिया नहीं है।
शुभा वर्मा के अनुसार, 18 सितंबर 2026 से विद्यापीठ पुलिस चौकी में करीब 9-10 बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस द्वारा सामान हटाने के निर्देश के बाद भी व्यवस्था नहीं हटाई गई। केमिकल के पास बड़ी मात्रा में गत्ते और अन्य सामान रखने तथा भारी बोर्ड को बिजली के जनरेटर के सहारे टिकाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे आग, दुर्घटना अथवा अन्य अप्रिय घटना का खतरा बना हुआ है।
शिकायत में सार्वजनिक मार्ग की ओर सामान रखकर खिड़की के सामने अतिक्रमण करने तथा गेस्ट हाउस के कर्मचारियों और अतिथियों, जिनमें विदेशी अतिथि भी शामिल हैं, से दुर्व्यवहार व धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। 70 वर्षीय शुभा वर्मा ने परिवार की सुरक्षा को देखते हुए खतरनाक एवं अवरोधक सामान हटाने और भविष्य में ड्राइववे/पार्किंग क्षेत्र में ऐसी सामग्री रखने पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि अंशुमान वर्मा के मकान के एक हिस्से पर कथित कब्जे को लेकर अलग दीवानी वाद न्यायालय में विचाराधीन है, जबकि वर्तमान शिकायत तत्काल सुरक्षा जोखिम और उपद्रव से संबंधित है।
