परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकले, बड़ा हादसा टला; दरवाजा और घरेलू सामान हुआ खराब
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन बजरडीहा में मंगलवार सुबह करीब सात बजे नाश्ता बनाते समय गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि सिलेंडर फटने से पहले परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल चुके थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घर में गैस पर नाश्ता बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई। आग बढ़ती देख परिवार के लोग बच्चों को लेकर बाहर निकल गए। कुछ देर बाद सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घर का सामान बिखरा, दरवाजा और टीन शेड क्षतिग्रस्त
धमाके के बाद घर के अंदर बर्तन और अन्य सामान इधर-उधर बिखरा मिला। टीन शेड और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के अनुसार कूलर, फ्रिज, पंखा, बर्तन समेत गृहस्थी का काफी सामान खराब हो गया।
घटना के दौरान मौजूद महिला ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने के बाद वह बच्चों को लेकर तुरंत घर से बाहर निकल गई थीं। उनके बाहर आने के कुछ ही देर बाद सिलेंडर फट गया।
धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी
स्थानीय निवासी रुखसाना के अनुसार तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घर की ओर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने पर घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि परिवार समय रहते बाहर नहीं निकलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके के लोगों में गैस सिलेंडर और चूल्हे की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
