तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचला, दोनों की मौत

आजमगढ़। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों दवा लेने के लिए आजमगढ़ जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवादाखिली गांव निवासी बिंदु देवी (42) पत्नी राजकुमार अपने 16 वर्षीय बेटे सूरज यादव के साथ शुक्रवार सुबह बाइक से आजमगढ़ के लिए निकली थीं। करीब 11 बजे रामनगर पुलिस बूथ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे बाइक समेत ट्रेलर के नीचे आ गए। चालक उन्हें कुचलते हुए ट्रेलर लेकर कुछ दूर तक चला गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चालक ट्रेलर को कुछ दूर खड़ा कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची दोहरीघाट पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।

मां-बेटे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही बेलवादाखिली गांव से परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बेलवादाखिली गांव निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है। तहरीर के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

TOP

You cannot copy content of this page