
23 दिन में 25 इनामी बदमाश गिरफ्तार, चंदौली टॉप पर
वाराणसी -(काशीवार्ता)-वाराणसी जोन के नए अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा के पदभार ग्रहण करते ही अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। एडीजी के निर्देश पर 29 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में जोन के विभिन्न जनपदों से कुल 25 पुरस्कार घोषित / इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार 25 इनामियों में 50 हजार रुपये के 7 इनामी, 25 हजार रुपये के 16 इनामी और 10 हजार रुपये के 2 इनामी शामिल हैं। इस अभियान में सबसे बेहतर प्रदर्शन चंदौली पुलिस का रहा, जिसने अकेले 11 इनामी अपराधियों को पकड़ा है। वहीं मीरजापुर और भदोही में 3-3, गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र और आजमगढ़ में 2-2 इनामी गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार अपराधी लूट, डकैती, हत्या, फिरौती के लिए अपहरण, अपहरण, गैंगेस्टर एक्ट, गो-तस्करी, शराब तस्करी, मादक पदार्थ तस्करी और चोरी जैसी संगीन घटनाओं में वांछित थे। गिरफ्तारी का विवरण अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को चंदौली के अलीनगर से 25 हजार के इनामी दयाशंकर की गिरफ्तारी से हुई थी। इसके बाद लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गो-तस्कर रामबाबू यादव, मादक पदार्थ तस्कर संतोष उपाध्याय, लुटेरे आकाश यादव, विजय, संजय बिंद, राजू मूसहर, अरबाज नट, शराब तस्कर कपिलदेव वर्मा, दुष्कर्म के आरोपी गुलाब उर्फ संजय चौबे, लुटेरे राजू पथरकट, गैंगेस्टर उजाला पांडेय, विशाल निषाद, बेताब आलम और 50 हजार के इनामी फिरौती अपहरण के आरोपी दिलीप कुमार कुशवाहा समेत 25 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। इस सफल अभियान पर एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोरा ने एसपी चंदौली और उनकी पूरी टीम को विशेष बधाई दी है और आगे भी इसी तरह पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी जोन में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
