
वाराणसी-कमिश्नरेट वाराणसी में अपराधियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शिवपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान बैरिकेड तोड़कर भाग रहे चेन लुटेरे को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार दिनांक 27 अगस्त की रात करीब 11 बजे थाना शिवपुर पुलिस हरिहरपुर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक पल्सर पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बैरिकेड तोड़कर तेज रफ्तार में भागने लगा।कुछ दूरी पर बाइक स्लिप होने से वह गिर गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया। घायल अभियुक्त की पहचान शशि भूषण पुत्र लक्ष्मी नारायण, निवासी तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जनपद रोहतास, बिहार, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। मौके से 315 बोर का तमंचा, 01 जिंदा कारतूस, 01 पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 24 अगस्त को थाना शिवपुर के खुशहाल नगर में एक महिला से चेन लूट की वारदात की थी। इस संबंध में थाना शिवपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 383/26 धारा 309(4) BNS के तहत दर्ज है।
डीसीपी वरुणा जोन के अनुसार घायल अभियुक्त के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
