वाराणसी। हलधरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बकूची डाडी डीह निवासी विजय चौहान, उम्र करीब 38 वर्ष, के लापता होने की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी योगेंद्र कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। विजय चौहान मुंबई से अपने घर लौट रहे थे।
परिजनों के अनुसार विजय चौहान 16 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे बनारस के मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। इसके बाद उन्होंने ऑटो लेकर कैंट जाने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह अपने घर नहीं पहुंच सके। काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर उनके भाई अजय कुमार चौहान ने 17 सितंबर को गुमशुदगी के संबंध में मंडुवाडीह थाने में प्रार्थना पत्र दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए गुमशुदा विजय चौहान के मोबाइल नंबर का सीडीआर खंगाला और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को विजय चौहान की लोकेशन और गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसके आधार पर कस्बा चौकी प्रभारी ने चेतमणि चौराहे से विजय चौहान को सकुशल बरामद कर लिया। बाद में आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। विजय चौहान के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
