रोहनिया में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान मौत; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

वाराणसी (काशीवार्ता): रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित सौरभ विहार कॉलोनी के पास बीती रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह रात में अपने घर जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली उसकी पीठ में लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घायल युवक ने मृत्यु से पहले बताया था कि दो अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल से आए और उसे गोली मारकर फरार हो गए। इस बयान के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है।

उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page