वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 की रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर चौक थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी और एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सर्विलांस सेल और एसओजी की मदद से चौक पुलिस ने विशाल भारतीय उर्फ जानू, विकास विश्वकर्मा उर्फ सोनू, सुजीत बाल्मीकि और कृष्णा बाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्या में उनकी संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, एक टीवीएस अपाचे और एक बजाज पल्सर आरएस-200 मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हत्या के इस मामले के त्वरित खुलासे और गिरफ्तारी के लिए डीसीपी काशी जोन ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
