
नई दिल्ली। भारत ने हरित परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए अपनी पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लॉन्च के साथ ही सरकार ने ट्रेन के अंदरूनी हिस्से की तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें आधुनिक, आरामदायक और यात्रियों की सुविधाओं से लैस कोच दिखाई दे रहे हैं।
10 कोच वाली इस ट्रेन में एक साथ लगभग 2,600 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन डीजल इंजन की तुलना में बेहद पर्यावरण अनुकूल मानी जा रही है। इसके संचालन के दौरान धुआं नहीं निकलता, बल्कि केवल जलवाष्प (पानी) उत्सर्जित होती है।
यह ट्रेन हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच प्रतिदिन 89-89 किलोमीटर के दो चक्कर लगाएगी और रोजाना कुल 356 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। भारतीय रेलवे के लिए यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और टिकाऊ परिवहन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में हाइड्रोजन तकनीक भारतीय रेल नेटवर्क में बड़ा बदलाव ला सकती है।
