“ललिता को न्याय का भरोसा! मुख्यमंत्री ने परिवार से मिलकर दिए बड़े आदेश”

गाजियाबाद, 18 जुलाई। मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम प्रकरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस जघन्य घटना के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मामले की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने का आदेश दिया।

पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। इसके अलावा मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड समेत सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।

इस दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण तथा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि इस मामले में न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page