
भदोही (ऊंज)। ऊंज थाना क्षेत्र के ऊंज गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित अधिवक्ता रामानंद यादव के घर में शनिवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और चार कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और कमरों के ताले टूटे मिले। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि कुछ सदस्य छत पर, कुछ घर के बाहर और कुछ थोड़ी दूरी पर बने दूसरे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए।
पीड़ित परिवार के अनुसार सदानंद यादव की पत्नी रेखा देवी के कमरे से सोने की सीकरी, मांगटीका, हार, रिंग, कंगन, पायल तथा नकदी चोरी हो गई। वहीं शिवलाल यादव की पत्नी ब्रह्मदेवी के कमरे से 40 हजार रुपये नकद, करधन, लच्छा, छागल, कंगन और पायल समेत अन्य कीमती सामान चोर उठा ले गए। इसके अलावा प्रभानंद यादव और शशिकला यादव के कमरों के ताले भी तोड़े गए। कुल चार कमरों के ताले तोड़े गए, जबकि दो कमरों से चोरी होने की पुष्टि हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ऊंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में जुटी है।
