नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई, बाल अपचारी हिरासत में

भदोही,  (काशीवार्ता संवाददाता)। भदोही कोतवाली क्षेत्र में एक 6वर्ष नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13वर्ष आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले की निष्पक्ष जांच के साथ सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि, इस घटना ने जिले में नाबालिगों से जुड़े अपराधों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। हाल के दिनों में भदोही में इस प्रकार की एक से अधिक घटनाएं सामने आने के बाद समाज में बच्चों की सुरक्षा, नैतिक शिक्षा और डिजिटल वातावरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया ने जहां शिक्षा और जानकारी के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं, वहीं बिना निगरानी के डिजिटल सामग्री तक पहुंच बच्चों और किशोरों के मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव भी डाल सकती है। ऐसे में अभिभावकों की सतर्कता, विद्यालयों में नैतिक शिक्षा, समाज की जागरूकता और सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।

सामाजिक जानकारों का कहना है कि केवल कानून का डर ही पर्याप्त नहीं है। परिवारों में बच्चों के साथ संवाद बढ़ाना, उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर उचित निगरानी रखना और उन्हें सही संस्कार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की शिक्षा देना भी उतना ही आवश्यक है। जागरूक समाज और संवेदनशील परिवार ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

TOP

You cannot copy content of this page