वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल स्टेट जाने वाले मार्ग पर शनिवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते जमकर पथराव शुरू हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे बिजली नामक सफाईकर्मी के यहां आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में जुटे लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में पहले हाथापाई हुई और फिर जमकर मारपीट व पथराव शुरू हो गया। पथराव के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पथराव कर रहे लोग वहां से फरार हो गए।
स्थानीय पार्षद राजेश कनौजिया ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले कुछ सफाईकर्मी महिला और पुरुष अक्सर शराब के नशे में आपस में मारपीट करते हैं। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद शनिवार को मामला पथराव तक पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर भी पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
