जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। सूरापुर से चिकन लादकर सहावें जा रही तेज रफ्तार पिकअप ओवरटेक करने के प्रयास में खानपुर चौरवा के पास आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप ट्रक में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दर्दनाक हादसे में आजमगढ़ निवासी 21 वर्षीय मो. अनस की मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद भी पिकअप चालक दीपक (निवासी सहावें) ने हिम्मत नहीं हारी। वह मोबाइल की टॉर्च जलाकर लगातार ट्रक चालक को पीछे फंसी पिकअप के बारे में संकेत देता रहा, लेकिन ट्रक चालक को इसका आभास नहीं हो सका। काफी दूर तक ट्रक पिकअप को घसीटता हुआ जहरुद्दीनपुर तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि जहरुद्दीनपुर पहुंचने पर ट्रक चालक को पीछे पिकअप फंसे होने की जानकारी हुई। घटना का पता चलते ही वह ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मो. अनस को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल चालक और दूसरे युवक का इलाज जारी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना माना जा रहा है
