आंधी-तूफान का कहर: भदोही में 15 की मौत, कई घायल

डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने संभाली कमान, युद्धस्तर पर चला राहत-बचाव कार्य

संवाददाता : काशीवार्ता, भदोही

भदोही। बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने जिले में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण कई थाना क्षेत्रों में पेड़, बिजली के खंभे और दीवारें गिर गईं, जिससे कई दर्दनाक हादसे हुए। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं 16 पशुओं की भी मौत की सूचना है।

शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुए तूफान ने कुछ ही देर में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कई गांवों में बड़े पेड़ मकानों पर गिर पड़े और बिजली के खंभे टूटने से अंधेरा छा गया। सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने मोर्चा संभाल लिया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे और पेड़ों के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर किया गया है।

डीएम और एसपी ने प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से राहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी तथा घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस व प्रशासन को देने की अपील की है।

TOP

You cannot copy content of this page