
संवाददाता : काशीवार्ता, भदोही
भदोही। जिले के निजामपुर मोहल्ले में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने एक बैंककर्मी के आवास पर छापेमारी कर घंटों पूछताछ की। कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
बताया जा रहा है कि मामला करीब 9 करोड़ रुपये के फिक्स डिपॉजिट (एफडी) घोटाले से जुड़ा है। सीबीआई की टीम सुबह लगभग 10 बजे पूर्व कालीन कारोबारी नसीम अख्तर अंसारी और उनके बेटे तौफीक अख्तर के निजामपुर स्थित आवास पर पहुंची। तौफीक अख्तर बैंक ऑफ इंडिया की वाराणसी शाखा में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
जांच टीम ने घर में मौजूद दस्तावेज, लैपटॉप और कंप्यूटर सिस्टम की गहन जांच की। करीब छह घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान घर के भीतर और बाहर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई थी। सीबीआई अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े कई अहम दस्तावेजों की पड़ताल की।
सूत्रों के अनुसार जांच के बाद सीबीआई टीम तौफीक अख्तर को साथ लेकर भदोही नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा भी पहुंची, जहां कुछ महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की गई।
हालांकि सीबीआई की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कार्रवाई के बाद पूरे शहर में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
