
सिंधोरा। थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस ने पशुओं से लदी एक पिकअप को पकड़कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वाहन में 10 पशु ठूंसकर रस्सियों से बांधे गए थे। पुलिस के मुताबिक पशु बुरी तरह हांफ रहे थे। मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय देर रात हमराहियों के साथ मवैया क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वाराणसी जौनपुर बार्डर पर स्थित गांव गड़खड़ा की ओर से एक सफेद-भूरे रंग की पिकअप (UP65FT8234) में पशु लादकर सिंधोरा बाजार से मवैया की ओर आने की सूचना मिली। पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि चालक ने पुलिस को देखकर पिकअप पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मुबारक खान (22) निवासी संदहा, चौबेपुर बताया। उसके साथ सोनू भारती (36) निवासी मैनुद्दीनपुर, आजमगढ़ और छोटक निवासी बराई, केराकत, जौनपुर को पकड़ा गया।
पिकअप की तलाशी में 9 पड़वा और एक पड़िया जीवित मिले। पुलिस के अनुसार सभी पशुओं को बेहद कम जगह में रस्सियों से बांधा गया था। वाहन के कागजात मांगने पर चालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। पशुओं को उतारकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई।और चिकित्सीय परीक्षण के लिए सूचना दी गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत सुबह करीब चार बजे गिरफ्तार किया। पिकअप को भी कब्जे में लेकर थाने लाया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक कौशल किशोर को सौंपी गई है।
