
रोहनिया। 200 टन वजनी ओवर डायमेंशन कार्गो बॉयलर मशीन को लेकर 308 पहियों वाला विशाल ट्रेलर मोहन सराय चौराहे पहुंचा। हाईवे पर बने फुट ओवरब्रिज की ऊंचाई कम होने के कारण ट्रेलर को आगे निकालना चुनौती बन गया।
ट्रेलर को पार कराने के लिए फुट ओवरब्रिज के एक हिस्से को काटकर दो भारी क्रेनों की मदद से ऊपर उठाया गया। इसके बाद सावधानीपूर्वक विशाल ट्रेलर को ब्रिज के नीचे से पार कराया गया।
बताया जा रहा है कि यह बॉयलर मशीन बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए ओडिशा पहुंची थी। वहां से इसे 308 पहियों वाले विशेष ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है। मशीन को लखीमपुर खीरी जिले में निर्माणाधीन एक प्लांट में स्थापित किया जाना है।
